- हत्या के आरोपियों के कब्जे से चाकू-तलवार बरामद
विशेष प्रतिनिधि, भोपाल। अयोध्यानगर पुलिस ने क्रेशर बस्ती में घर में घुसकर महिला की नृशंस हत्या और उसके भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाले सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के चंद घंटों बाद ही गिरफ्त में आए आरोपियों के कब्जे से चाकू-तलवार आदि जब्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
अयोध्यानगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि गत 7 फरवरी की रात क्रेशर बस्ती निवासी विनोद आटिया के घर में चाकू-तलवार लेकर गोलू चढ़ार, छोटू चढ़ार, मोहन चढ़ार और राज चढ़ार घुस गए। इन युवकों ने रंजिश के चलते विनोद की पत्नी सरोज आटिया (34) को गालियां देते हुए उसपर हमला कर दिया। आरोपियों ने सरोज पर कई बार चाकू, तलवार से वार किए। महिला की चीखें सुनकर उसके भाई विक्की और वीरेंद्र वहां आ गए और बीच-बचाव करने लगे। इससे खफा होकर आरोपियों ने विक्की और वीरेंद्र पर भी जानलेवा हमला कर दिया। तीनों को मरणासन्न करके मौके से आरोपी गोलू, छोटू, मोहन और राज भाग गए।
महिला की मौत, दोनों भाई भर्ती
घटनास्थल से तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां घायल सरोज आटिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मृतका के भाई वीरेन्द्र व विक्की अब तक अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है।
हत्या का मामला दर्ज
अयोध्यानगर थाना में देर रात विनोद आठिया ने इस वारदात की रिपोर्ट की। पुलिस ने आरोपी गोलू चढ़ार, छोटू चढ़ार, मोहन चढ़ार और राज चढ़ार के खिलाफ महिला की हत्या व जानलेवा हमला करने का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने फरार सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानो से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइमसीन रीक्रियेट किया गया।
यह आरोपी किए गिरफ्तार
अयोध्यानगर पुलिस ने हत्या व जानलेवा हमला करने के आरोपी क्रमश: राज आटिया (21) निवासी बेगमगंज जिला रायसेन हाल पता गीत मोहनी कालोनी अयोध्यानगर, मोहन चढ़ार (25) निवासी ग्राम मनकापुर राहतगढ़ हाल पता शंकर खदान के पास झुग्गी अयोध्यानगर, खूब सिंह उर्फ छोटू चढ़ार (23) निवासी सदर और लीलाधर उर्फ गोलू चढ़ार (24) निवासी भूतेश्वर मंदिर के पास मोतीनगर जिला सागर हाल पता शंकर खदान अयोध्यानगर को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।




















Discussion about this post