मैं पाकिस्तान की बेटी थी, लेकिन अब मैं भारत की बहू हूं। मुझे यहां रहने दें।
नई दिल्ली/डिजिटल डेस्क द मिरर। जम्मू कश्मीर में हुए “पहलगाम” आतंकी हमले के मद्देनजर, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को निलंबित करने सहित कई जवाबी कदम उठाए गए। इसके बाद उन लोगों की टेंशन बढ़ गई है, जो लोग भारत में वीजा लेकर अब तक रह रहे हैं। इसमें सबसे पहले टेंशन बढ़ी है सीमा हैदर की,जो अब मोदी जी से भारत में ही रहने की गुहार लगा रही हैं।
हैदर ने वीडियो में कहा, “मैं मोदी जी और योगी जी से अपील करती हूं कि मैं अब उनकी शरण में हूं। मैं पाकिस्तान की बेटी थी, लेकिन अब मैं भारत की बहू हूं। मुझे यहां रहने दें।
सभी वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द होंगे
विदेश मंत्रालय ने यह भी घोषणा की कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए जाएंगे। मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे। भारत में वर्तमान में सभी पाकिस्तानी नागरिकों को उनके वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
हैदर, मई 2023 में कराची से भागकर भारत आई थी
उल्लेखनीय है कि सीमा हैदर मई, 2023 में कराची में अपना घर छोड़कर भारत आ गई थी। जुलाई में, भारतीय अधिकारियों ने उसे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के रबूपुरा इलाके में मीना के साथ रहते हुए पकड़ा। कथित तौर पर दोनों 2019 में ऑनलाइन गेम खेलते समय संपर्क में आए थे। वर्तमान में, युगल उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रहता है। इसके बाद से सीमा और सचिन सोशल मीडिया में भी लगातार सक्रिय हैं और सुर्ख़ियों में बने रहते हैं। हाल ही में सीमा ने सचिन से एक बेटी को भी जन्म दिया है।




















Discussion about this post