– प्रदेश के कई जिलों में नदी, नाले उफान पर, सड़क मार्गों से संपर्क टूटा
– विंध्य-महाकौशल के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर होने से पुल तक डूब गए
– पूर्वी मप्र के हिस्सों में तेज बारिश की संभावना
– लगातार बारिश से कोई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
– सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मानसून अब अपने पूरे मिज़ाज में है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के लगभग 30 से ज्यादा जिले इसकी चपेट में हैं। इन जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। जबलपुर,मंडला, कटनी, डिंडोरी, अमरकंटक, शहडोल, उमरिया, गुना में तो नदी नाले उफान पर हैं, यहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बता दें मध्यप्रदेश के मंडला, डिंडौरी जिला मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में पिछले दो दिन बारिश का दौर जारी है। गुरुवार की दरमियानी रात से शुरू तेज बारिश से नदी नाले उफान पर हैं।
प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर लगातार जारी है। कहीं भारी बारिश हो रही है, तो कहीं छिटपुट वर्षा का असर है। इस बीच, वर्षाजनित हादसों की खबरें भी लगातार आ रही हैं।शनिवार को भी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते जनपद करंजिया अंतर्गत ग्राम माधोपुर के पास हाईवे पर खेतों का पानी और सड़क किनारे का मलबा आ जाने से इस मार्ग में वाहन फंस रहे हैं। जबलपुर अमरकंटक नेशनल हाईवे पर मलबे का ढेर लग जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल से हो पा रहा है। प्रदेश के उत्तरी व पूर्वी जिलों में अति भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। यहां बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।
जबलपुर में सुबह से शाम तक 71.8 मिमी बारिश
विंध्य-महाकौशल के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर होने से पुल तक डूब गए हैं। जबलपुर में सुबह से शाम तक 71.8 मिमी बारिश हुई। जबलपुर से करीब 25 किमी दूर बरेला थानांतर्गत सलैया नदी में पुल पार करते समय तेज बहाव में गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक और भूसे से भरा मिनी ट्रक बह गया। चालक-परिचालक ने किसी तरह तैरकर जान बचाई।
मंडला में 12 घंटे लगातार बारिश से हालात ख़राब
मंडला जिले में रात्रि से दोपहर तक करीब 12 घंटे लगातार बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी पूर्वी मप्र में हवा के ऊपरी स्तर पर एक और चक्रवात सक्रिय है, जिससे खासतौर पर पूर्वी मप्र के हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। रीवा, सागर, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।




















Discussion about this post