– सुबह 5 बजे के करीब दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे NH-44 पर हुआ हादसा
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नई दिल्ली।
मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर हरभजन मान एक्सीडेंट का शिकार हो गए हैं। हरभजन मान का दिल्ली में शो था, जिसे खत्म करने के बाद वह अपने बेटे के साथ चंडीगढ़ जा रहे थे और रास्ते में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। सिंगर की गाड़ी सोमवार की सुबह 5 बजे के करीब दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे NH-44 पर जैसे ही पहुंची, वह डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार पलट गई और गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए।
हरभजन मान और उनके बेटे इस बड़े हादसे में बाल-बाल बच गए। कार में हरभजन के साथ उनके बेटे, बॉडीगार्ड और ड्राइवर सभी मौजूद थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है जब सिंगर दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे थे तब सुबह के पांच बजे के करीब उनकी कार हाईवे पर पहुंची तो उसके सामने एक गाय आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने अचानक गाड़ी घुमा दी और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि पूरी कार के शीशे टूट गए। इस हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में सिंगर और उनके साथ मौजूद सभी लोगों को कार से निकाला और दूसरी कार से उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। अब सिंगर और उनके बेटे सुरक्षित हैं। वहीं, इस हादसे के बाद सिंगर के फैंस चिंतित हो उठे हैं और सोशल मीडिया पर कमेंट की लाइन लग गई है। हर कोई उनकी सेहत जानना चाह रहा है। हालांकि, अब तक सिंगर या उनकी टीम की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, पर कहा जा रहा है कि इस हादसे में हरभजन मान और उनके बेटे अवकाश मान बच गए हैं उन्हें कुछ मामूली चोटें आई हैं।




















Discussion about this post