अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया
डिजिटल डेस्क न्यूज़/स्पोर्ट्स। भारतीय पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना के बाद अब पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निशाने पर आ गए हैं। ईडी ने धवन को अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। धवन गुरुवार 4 सितंबर को करीब 11 बजे ईडी के कार्यालय पहुंचे। ईडी इस मामले में पहले भी कुछ क्रिकेटर समेत कुछ अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जब ईडी ने सुरेश रैना को तलब किया था, तब उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ करते हुए बयान दर्ज किए गए थे।
दरअसल, ईडी को 1xBet नामक एक सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत क्रिकेटर शिखर धवन से पूछताछ के साथ बयान दर्ज करेगी। माना जा रहा है कि धवन कुछ विज्ञापनों के माध्यम से इसी ऐप से जुड़े थे। ईडी यही जानना चाहता है कि उनके ऐस से किस तरह के संबंध थे। ज्ञात हो कि ईडी अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के कई मामलों में जांच कर रही है। जिन पर निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी के साथ बड़े पैमाने पर कर चोरी करने का आरोप है।
पिछले दिनों प्रवर्तन निदेशालय ने भारतीय पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से भी इस ऐप से उनके संबंध और प्रचार से हुई कमाई के अलावा दोनों पक्षों के बीच संचार माध्यम को लेकर भी पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद उनके बयान भी दर्ज किए गए थे। उनके बाद ईडी ने इस मामले में गूगल और मेटा के प्रतिनिधि से भी पूछताछ की थी।
बता दें कि हाल ही में केंद्र सरकार ने असली पैसे वाले ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून पास किया था, ताकि इस तरह के ऐप का प्रमोशन होने से रोका जा सके। इस कानून के पास होने के बाद ऐसे ऑनलाइन गेमिंग ऐप अवैध हो गए हैं। इसी वजह से बीसीसीआई ने ड्रीम11 ऐप से भी करार तोड़ दिया है। अब बीसीसीआई को नए स्पॉन्सर की तलाश है।




















Discussion about this post