प्रख्यात कवि श्री बलवीर सिंह करुण व डॉ. कीर्ति काले को अटल सम्मान से किया विभूषित
मुख्यमंत्री ने अटल जी की स्मृति में आयोजित कवि सम्मेलन “हमारे अटल प्यारे अटल” का किया शुभारंभ
डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर की ऐतिहासिक धरती पर 20वी शताब्दी में अटल जी के रूप में जन्मे विराट व्यक्तित्व ने लोक कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण में अद्वितीय योगदान दिया। साथ ही लोकतंत्र को नई दिशा दी। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गाँव-गाँव में विकास का कारवां पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अटल जी की पावन स्मृति में ग्वालियर में आयोजित हुए अखिल भारतीय कवि सम्मेलन “हमारे अटल प्यारे अटल” का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश के प्रख्यात कवि श्री बलवीर सिंह करुण अलवर को वर्ष 2024 एवं प्रख्यात कवियत्री डॉ. कीर्ति काले को वर्ष 2025 के “कवि अटल सम्मान” से विभूषित किया। अटल सम्मान के रूप में दोनों विभूतियों को एक – एक लाख रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल-श्रीफल सौंपकर सम्मानित किया गया। बुधवार 24 दिसम्बर की सांध्य बेला में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए इस आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रमुख सचिव उद्योग श्री राघवेन्द्र सिंह, संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।




















Discussion about this post