डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मध्य प्रदेश के ब्यावरा के रहने वाले 20 वर्षीय युवा सुरेंद्र सिंह चौधरी, जो सोशल मीडिया पर ‘बिट्टू तबाही’ Bittu Tabahi के नाम से मशहूर हैं, को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया।
बिट्टू ने बिना किसी सरकारी मदद या भारी-भरकम लावलश्कर के, अपने अकेले के दम पर नाले में बदल चुकी अजनार नदी के एक हिस्से की सफाई कर उसे एक नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बिट्टू के इस साहसिक कदम की प्रशंसा की है।

मुख्यमंत्री ने ‘बिट्टू के जज्बे को सलाम’ किया
मुख्यमंत्री ने बिट्टू के जज्बे को सलाम करते हुए लिखा, “बिट्टू, आपने सिर्फ अजनार नदी की सफाई नहीं की, बल्कि समाज को यह विश्वास भी दिलाया है कि बदलाव के लिए भीड़ नहीं, एक सच्ची पहल ही काफी होती है। आपकी इस पहल ने एक बड़ा सवाल हमारे सामने रखा है कि जब एक युवा अकेले नदी बचाने का संकल्प ले सकता है, तो हम सब मिलकर अपने जलस्रोतों को कितना सुंदर और जीवंत बना सकते हैं।
‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का मूल भाव भी यही
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का मूल भाव भी यही है—जल स्रोतों का संरक्षण, उनका पुनर्जीवन और जनभागीदारी। बिट्टू की यह पहल इसी भावना की एक सशक्त मिसाल है। अब अजनार की यह शुरुआत सिर्फ सुरेन्द्र सिंह चौधरी का अभियान नहीं, बल्कि ब्यावरा और पूरे मध्य प्रदेश के युवाओं के संकल्प की पहचान बन चुकी है। आइए, मिलकर जल बचाएं, नदियां बचाएं और आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित बनाएं।




















Discussion about this post