– मध्यप्रदेश सहित अब तक छह राज्यों के नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुने गए
– अब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुने जाने को लेकर चर्चा तेज
– संघ का करीबी और नया चेहरा होने की अटकलें
– शिवराज सिंह चौहान, सबसे आगे अधिकतर इन्हें ही मान रहे अगला अध्यक्ष
डिजिटल डेस्क न्यूज़/ नई दिल्ली/भोपाल।
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को छह राज्यों में अपने अध्यक्षों का चुनाव किया। इस तरह पिछले साल पार्टी के आंतरिक चुनाव शुरू होने के बाद से अब तक 22 राज्यों में उसके संगठनात्मक प्रमुखों का चुनाव हो चुका है। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए एक आवश्यक औपचारिकता भी पूरी हो गई है। उल्लेखनीय है कि भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले इसके 37 संगठनात्मक राज्यों में चुनाव हुआ।
अभी इन राज्यों के चुने गए अध्यक्ष
मंगलवार को जिन राज्यों में अध्यक्ष चुने गये उनमें महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड हैं जहां निर्विरोध चुनाव हुआ, और इन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी हो गई है। मध्यप्रदेश में बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश का अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया है। भाजपा ने अब तक राज्यों के अध्यक्ष के चुनाव में संगठन में लंबे समय तक काम करने वाले और सामाजिक मानदंडों पर खरा उतरने वाले नेताओं को प्राथमिकता दी है साथ ही यह सभी नाम आरएसएस के करीबी भी माने जाते हैं।
उत्तर प्रदेश को नया अध्यक्ष मिलने में अभी लग सकता है और वक्त
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा सारे जातिगत समीकरणों को साधना चाहती है इसलिए हो सकता है वहां नया अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही बने। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा को नया अध्यक्ष इसी महीने के दूसरे सप्ताह तक मिल सकता है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद भाजपा के नये अध्यक्ष के लिए एक बड़े नेता का नामांकन भरवाया जायेगा।
नड्डा बने भाजपा के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष, बना रिकॉर्ड
गौरतलब है कि जनवरी 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए जगत प्रकाश नड्डा का 3 साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से उन्हें विस्तार मिलता रहा है। पहले उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों के कारण और फिर संगठनात्मक कवायद के कारण विस्तार दिया गया था। इस प्रकार नड्डा लगातार सबसे लंबे समय तक भाजपा अध्यक्ष रहने वाले पहले भाजपा के नेता भी बन गये हैं।




















Discussion about this post