विवाह में साधु-संतों से लेकर केंद्रीय मंत्री तक हुए शामिल
बैलगाड़ी, घोड़ागाड़ी और भव्य जुलूस और शाही अंदाज में निकली बारात
डिजिटल डेस्क न्यूज़/उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के छोटे बेटे अभिमन्यु यादव ने रविवार (30 नवंबर) को उज्जैन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में डॉ. इशिता यादव से विवाह किया। इस सामूहिक विवाह समारोह में 21 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधे। देश के किसी मुख्यमंत्री के बेटे की इस सादगी से शादी होना अब चर्चा का विषय बना हुआ। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
सभी जोड़े भव्य जुलूस के साथ समारोह स्थल पर पहुंचे
शादी समारोह में सभी दूल्हा-दुल्हन सज-धज कर घोड़ों और सजी-धजी गाड़ियों पर सवार होकर भव्य जुलूस के साथ समारोह स्थल पर पहुंचे। इस अनोखे समारोह पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ‘प्रधानमंत्री हमेशा से इस बात पर ज़ोर देते रहे हैं कि शादियां सादगी से होनी चाहिए। इसीलिए सभी लोग एक साथ शादी कर रहे हैं।

अभिमन्यु ने अपनी शादी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यह एक शाही शादी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शादी में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘सामूहिक विवाह समारोह में शादी करके एक बहुत बड़ा संदेश दिया गया है।’ अभिमन्यु ने अपनी शादी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यह एक शाही शादी है मेरे साथ कई दूल्हे मौजूद हैं।
खरगोन की बेटी इशिता संग हुआ विवाह सीएम के बेटे अभिमन्यु का विवाह
जानकारी के मुताबिक अभिमन्यु यादव ने एमबीबीएस और सर्जरी में मास्टर डिग्री हासिल की है। वहीं दुल्हन डॉक्टर इशिता यादव भी एमबीबीएस हैं और खरगोन जिले के किसान दिनेश पटेल यादव की बेटी हैं। दोनों चिकित्सक होने के कारण विवाह समारोह में लोगों ने इसे एक प्रेरणादायक जोड़ी के रूप में भी देखा।
राजनेताओं और संतों की मौजूदगी रही खास
विवाह समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री, कई विधायक और सांसद शामिल हुए। इसके अलावा बाबा रामदेव और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और खास बना दिया. सभी मेहमानों ने नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके खुशहाल भविष्य की कामना की है।
सीएम ने कहा- सभी दूल्हे-दुल्हन हमारे लिए समान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव भावुक भी दिखे, उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में समानता और एकता का संदेश देता है। चाहे कोई ड्राइवर का बेटा हो या किसी किसान की बेटी, हर दूल्हा-दुल्हन हमारे लिए महाराजा और रानी के समान हैं, उन्होंने महाकाल से सभी जोड़ों के सुखी जीवन की प्रार्थना की और सभी जोड़ों को एक समान बताया।




















Discussion about this post