डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अलर्ट मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि नर्मदा नदी भी उफान पर है। छतरपुर, सतना, मंडला और मैहर समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हालात को देखते हुए बांधों से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
छतरपुर के कुटनी और जबलपुर के बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। राजधानी भोपाल में भी गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बारिश हुई।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में भोपाल, उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग में बारिश का दौर तेज रह सकता है।
गुरुवार को ट्रफ के साथ स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय रहा। इसके प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कई जगह तेज बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को यह सिस्टम आगे बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते दूसरे इलाकों में भी बारिश का असर दिखाई दे सकता है।
इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।




















Discussion about this post