-भोपाल के भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में डायल-112 के हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजा था।
-पुलिस ने आरोपी की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
-आरोपी को भोपाल लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
—————————————————————————————————
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने भोपाल के भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में डायल-112 के हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजा था। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को भोपाल लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
23 सितंबर को भेजा था धमकी भरा मैसेज
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को डायल-112 के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम लिखकर उन्हें जान से खत्म करने की धमकी दी थी। मैसेज सामने आने के बाद डायल-112 की हेल्पलाइन देख रहे पुलिसकर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
पुलिस ने धमकी वाले मैसेज का स्क्रीनशॉट ले लिया था
धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद आरोपी ने उसे दो बार एडिट किया। इसके बाद उसने मैसेज को डिलीट कर दिया। हालांकि इससे पहले ही हेल्पलाइन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने समय रहते धमकी वाले मैसेज का स्क्रीनशॉट ले लिया था। इसके चलते पुलिस के पास आरोपी के भेजे गए मैसेज का रिकॉर्ड सुरक्षित हो गया।
क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की तकनीकी पड़ताल की, जिससे धमकी भरा व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया था।
लोकेशन मुंबई में मिली
तकनीकी जांच में पुलिस को संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम आरोपी की तलाश में मुंबई पहुंची। लोकेशन के आधार पर तलाश करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को बीती रात मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
भोपाल में होगी पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को भोपाल लेकर आ रही है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी कि उसने मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी वाला मैसेज क्यों भेजा और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी। फिलहाल आरोपी की पहचान, उसका काम और अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।




















Discussion about this post