भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहे मौजूद।
डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मध्य प्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उधर इस बार निर्दलीय प्रत्याशी भी सामने आ रहे हैं, जिसमें तेलंगाना के हैदराबाद से एक प्रत्याशी ने भी नामांकन भरने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री उनके साथ मौजूद रहे। मंत्री कृष्णा गौर हरदीप सिंह पुरी की प्रस्तावक बनीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले- मध्यप्रदेश के लिए दिवाली से पहले बड़ा उपहार
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि हरदीप सिंह पुरी ने प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है। दिवाली से पहले मध्यप्रदेश सरकार को यह बड़ा उपहार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का लंबा संसदीय जीवन रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी जैसी कई सौगातें दी हैं।
निर्दलीय उम्मीदवार तेलंगाना के हैदराबाद से आए कांते सयान्ना
मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव की प्रक्रिया के बीच अब निर्दलीय उम्मीदवारों की दावेदारी भी सामने आने लगी है। भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी के नामांकन दाखिल करने के बाद तेलंगाना के हैदराबाद से आए कांते सयान्ना ने भी उपचुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने भोपाल पहुंचकर विधानसभा से नामांकन फॉर्म लिया और अपना पहला सेट दाखिल किया। अब उनकी कोशिश सोमवार तक 10 विधायकों को प्रस्तावक के रूप में अपने साथ जोड़ने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश के विधायक उनकी उम्मीदवारी में सहयोग करेंगे।


