दीपावली के पहले खाद्य विभाग की टीम ने अभियान के तहत जिले में करीब 54 खाद्य नमूने लिए
गंदगी मिलने पर एक होटल को सील करने की कार्रवाई
डिजिटल डेस्क न्यूज़/जबलपुर। त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन की खाद्य विभाग की टीम द्वारा जगह-जगह मिष्ठान भंडारों में छापामारी कर मिलावटी खाद्य सामग्रियों को जप्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रदेश के इंदौर सहित जबलपुर में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार दीपावली के पहले खाद्य विभाग की टीम ने अभियान के तहत जिले में करीब 54 खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। वहीं, गंदगी मिलने पर एक होटल को सील करने की कार्रवाई भी की गई।
जबलपुर में बड़े मिष्ठान भंडारों से लेकर खोवा कारोबारियों तक जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। इसमें बडकुल, हीरा, चंद्रकला, केशरवानी और बीकानेर स्वीट्स जैसे प्रतिष्ठान शामिल रहे। यहां मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
इंदौर में 26 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए
दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को शहर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, तेल और नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 26 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान में दो प्रतिष्ठानों पर नापतौल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई भी की गई।


