– अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच की घोषणा, समिति गठित
– नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नई दिल्ली।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए शनिवार को नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने उच्च स्तरीय जांच की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है।
गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ शुक्रवार शाम को घटनास्थल से बरामद किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि ब्लैक बॉक्स की डिकोडिंग से, विमान दुर्घटना से कुछ क्षण पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी मिल सकेगी। अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा।
उम्मीद है कि समिति तीन महीने में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी
उड्डयन मंत्री ने कहा कि देश में विमानन सुरक्षा के बहुत सख्त मानक और मजबूत प्रोटोकॉल हैं। सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि विमान दुर्घटना के बारे में जो भी सिद्धांत हैं, उनका विश्लेषण किया जाएगा। गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बहु-विषयक समिति सोमवार को बैठक करेगी और उम्मीद है कि समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच सुचारू रूप से जारी है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) दुर्घटना की जांच कर रहा है।




















Discussion about this post