भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर सहित कई जिलों में मौसम का प्रभाव
डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मध्य प्रदेश में भी चक्रवात ‘अर्नब’ का प्रभाव देखा गया। यहां मौसम का मिजाज अचानक बदल हुआ नज़र आया। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश तेज होने की संभावना बताई गई थी जिसका असर भी हुआ। मौसम विभाग ने मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जिसके अनुसार कई जिलों में बारिश भी हुई। राजधानी भोपाल समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति भी बनी।

मौसम का करवा चौथ व्रत पर भी रहा असर
मौसम में बदलाव का असर करवा चौथ पर भी रहा। गुरुवार को व्रत रखने वाली महिलाओं को चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। चांद दिखाई दिया तो कहीं नहीं, जिससे महिलाओं को व्रत तोड़ने में असुविधा का सामना करना पड़ा, खासतौर से जबलपुर में बिल्कुल भी नजर नहीं आया वही राजधानी में नजर आया इसके अलावा कई जिलों में भी यही स्थिति बनी।

मौसम में परिवर्तन से ठंड ने मारा जोर
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं, रात के तापमान में कमी आने से ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी भोपाल और जबलपुर के आसपास के जिलों सहित शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 15.2 डिग्री, धार में 15.4 डिग्री, आगर-मालवा में 15.9 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा व छतरपुर के नौगांव में 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
बता दें कि रात में ठंडक बढ़ रही है, लेकिन दिन के समय कई इलाकों में गर्मी का असर अभी बना हुआ है।
भोपाल और ग्वालियर सहित इन जिलों में बदलेगा मौसम
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड और श्योपुर में बादल छाने के साथ हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के आसार हैं। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी मौसम बदल सकता है। दूसरी ओर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।
तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश का असर अधिक रह सकता है। मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अति भारी बारिश की आशंका है। रीवा, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।


