कपिल सिब्बल ने गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान उन्हें जेल में रखने के इरादे से की गई है।
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नेशनल। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और कई मामलों में जेल में सजा काट रहे सपा नेता आजम खान को एक बार फिर से कानूनी झटका लगा है। अपनी उम्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वह 80 साल के हैं उन्हें जमानत चाहिए रिहाई चाहिए ऐसे तो वे जेल में ही मर जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सपा नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया। कोर्ट ने गुरुवार को उनकी अर्जी इलाहाबाद हाईकोर्ट को ट्रांसफर कर दी।
यूपी सरकार में मंत्री रहे आजम खान ने अपनी याचिका में प्रवर्तन निदेशालय ED द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। आजम खान ने दावा किया था कि 29 अक्टूबर को उन्हें दो PAN कार्ड रखने के मामले में जेल से रिहा होने के 40 मिनट बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट में ट्रांसफर की याचिका
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने अर्जी को इलाहाबाद HC में ट्रांसफर करने का निर्देश दिया। बेंच ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को निर्देश दिया गया कि वे इस मामले को 16 नवंबर को डबल बेंच के सामने लिस्टिंग करने के लिए चीफ जस्टिस के सामने रखें।
आजम खान की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए
आजम खान की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए। उन्होंने ईडी एक्शन पर सवाल उठाए। सिब्बल ने आजम की ओर से कहा, जिस समय मुझे रिहा किया जा रहा था, ठीक उसी समय ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। वे बस यही चाहते हैं कि चुनाव के दौरान मैं जेल के अंदर ही रहूं। मैं हर मामले का सामना करूंगा, लेकिन मुझे जमानत चाहिए। मैं 80 साल का हूं। मुझे ईडी के अलावा 28 अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया। ऐसे तो मेरी मौत जेल में ही हो जाएगी।
सिब्बल ने गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण बताया
कपिल सिब्बल ने गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान उन्हें जेल में रखने के इरादे से की गई है। उन्होंने बताया कि जमानत पर रिहा होते ही ED उन्हें जेल के ठीक बाहर से ले गई। सिब्बल ने कहा- यह घटना 2006 की है, FIR 2019 में दर्ज की गई थी। इसमें PMLA का क्या लेना-देना है? उन्होंने बताया कि बकरियों और गायों को भी अपराध की कमाई के तौर पर दिखाया गया है।


