भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव मोड में है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। शनिवार को इंदौर, धार, बड़वानी, रतलाम और भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। सतना के चित्रकूट में बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार, रविवार को प्रदेश के 18 जिलों में अति भारी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें धार और बड़वानी में अगले 24 घंटे के दौरान अति भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में हल्की से तेज बारिश
भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी मौसम बदला रहेगा। इन इलाकों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी की ओर निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ भी प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से होकर गुजर रही है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।




















Discussion about this post