फाइनल में चीन को 1-0 से हराया
2015 में शुरू किया हॉकी का सफररेलवे स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत
ग्वालियर। जिले की युवा हॉकी खिलाड़ी कृष्णा शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर और देश का नाम रोशन किया है। चीन में आयोजित महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत में टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ी कृष्णा शर्मा की भी अहम भूमिका रही। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 5 गोल किए।
चीन के मोकी में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब जीता। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया और शुरुआत से ही विरोधी टीमों पर दबाव बनाए रखा।
फाइनल से पहले भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1, मलेशिया को 11-1, जापान को 7-0 और पाकिस्तान को 19-0 से हराया। इन मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार आक्रमण और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। कृष्णा ने भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्वालियर की कृष्णा शर्मा ने टूर्नामेंट में अपनी आक्रामक हॉकी से प्रभावित किया। उन्होंने पूरे एशिया कप में 5 गोल किए। फॉरवर्ड के रूप में उनकी तेजी और गोल करने की क्षमता टीम के लिए उपयोगी साबित हुई।
एशिया कप जीतने के बाद कृष्णा जब ग्वालियर पहुंचीं तो रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। परिवार, खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान कृष्णा के चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिखाई दी।
कृष्णा शर्मा ने वर्ष 2015 में हॉकी खेलना शुरू किया था। वर्ष 2019 में वह ग्वालियर हॉकी अकादमी से जुड़ीं। इसके बाद उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी पहचान बनाई।




















Discussion about this post