– भाजपा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी मां को गाली देने का आरोप लगाया है।
– बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है।
– बीजेपी ने लिखा- राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई।
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नेशनल। बिहार चुनाव पूरे उफान पर है, राजनीतिक खींचतान जबरदस्त रूप ले चुकी है। इसी खींचतान में भाजपा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर बड़ा चुनावी हमला बोला है। भाजपा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी मां को गाली देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। वहीं बिहार भाजपा कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने राहुल गांधी केखिलाफ पटना के गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।
जानिए, क्या है पूरा मामला
बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे है। इस यात्रा की एक रैली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुना जा सकता है। हालांकि अभी तक इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है।

भाजपा बोली, निम्न स्तर की राजनीति
बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। बीजेपी ने लिखा- राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है। तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाकर बिहारवासियों को अपमानित कराया। अब उनकी हताशा की स्थिति यह है कि वे प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य स्वर्गीय माताजी को गाली दिलवा रहे हैं।
कांग्रेस बोली,ध्यान भटकाने की बाते हैं
इस मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है। पवन खेड़ा ने कहा- ये सब ध्यान भटकाने की बाते हैं ना हमारी परंपरा है और ना हम ऐसी बात करते हैं। हमारे सवाल इतने तीखे हैं कि भाजपा जवाब नहीं दे पा रही है इसलिए वो ऐसे मुद्दों को उठा रहे हैं। हमारे यहां ऐसा नहीं हो सकता है।




















Discussion about this post