फिल्म कटहल को बेस्ट हिंदी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला
71वें नेशनल अवार्ड में बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियों ने की शिरकत
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नई दिल्ली। देश के 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार (नेशनल अवार्ड) से फिल्म जगत की कई मशहूर हस्तियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मलयालम एक्टर मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया।

इसके अलावा शाहरुख खान को फिल्म जवान और विक्रांत मैसी को फिल्म 12th फेल के लिए बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। रानी मुखर्जी ने मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड हासिल किया है।

शाहरुख खान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों फिल्म जवान के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड दिया गया। वो हाथ जोड़े हुए मंच पर पहुंचे और बेहद भावुक नजर आए। इस दौरान भवन तालियों से गूंज उठा। ये उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है।
रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया है। एक्ट्रेस ट्रेडिशनल लुक में द्रौपदी मुर्मू से अवॉर्ड लेने पहुंचीं।फिल्म जवान के गाने चलेया के लिए शिल्पा राव को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला है।फिल्म रॉकी और रानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे के लिए वैभवी मर्चेंट को बेस्ट कोरियोग्राफी का सिल्वर लोटस अवॉर्ड मिला है।

एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म कटहल को बेस्ट हिंदी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला है। फिल्म के डायरेक्टर यशोवर्धन सिंह ने अवॉर्ड लिया।अवार्ड सेरेमनी में कई मशहूर हस्तियां मौजूद रहीं।


