डिजिटल डेस्क न्यूज़/नेशनल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट के लिए चैलेंज किया है। इस पर अब जवाबी पलटवार भी आना शुरू हो गया है और भाजपा की ओर से भी अब राहुल गांधी को जवाब दिया जा रहा है। इस क्रम में भाजपा नेताओं की ओर से अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी जवाब दिया है।
वहीं भाजपा से और भी नेताओं ने अपनी बात रखी है। उल्लेखनीय है कि विपक्ष कथित वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर लगातार CEC ज्ञानेश कुमार और मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। इन सबके बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दो दिन में दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट के लिए चैलेंज किया है। अब इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पलटवार किया है।
निर्मला सीतारमण ने कहा- राहुल जी, आपने पीएम मोदी को डिबेट के लिए एक जगह चुनने के लिए कहा। देश में ये पहले से है- संसद, जहां आप विपक्ष के नेता हैं। कल ही आपको गृह मंत्री अमित शाह ने SIR और EVM पर चर्चा के लिए स्पेशल सत्र रखने का ऑफर दिया। लेकिन आप सोशल मीडिया पर चुनौती देने की तरह का जोश संसद में क्यों नहीं दिखा पाते। सवाल पूछने के बाद आपको उनके जवाब भी सुनने होते हैं। देश की सियासत में अब ओपन डिबेट को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है और भाजपा और कांग्रेस के नेता आमने-सामने है।


