नई दिल्ली/न्यूज़ डेस्क। दिल्ली के कथित आबकारी घोटाले से संबंधित धनशोधन मामले में मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के. कविता की न्यायिक हिरासत 7 मई तक बढ़ा दी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार न्यायाधीश ने सीबीआई जांच के अधीन एक भ्रष्टाचार मामले में तेलंगाना विधान परिषद की एक सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता की न्यायिक हिरासत भी 7 मई तक बढ़ा दी गई है।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल की उस याचिका के खारिज होने के एक दिन बाद यह फैसला आया है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल की उपस्थिति में अपने डॉक्टर के साथ रोजाना 15 मिनट के चिकित्सीय परामर्श की अनुमति देने की मांग की थी। दिल्ली की अदालत ने निर्देश दिया कि आवश्यक चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाए और किसी विशेष परामर्श की आवश्यकता के मामले में, तिहाड़ जेल अधिकारी एम्स निदेशक द्वारा गठित एक मेडिकल बोर्ड को नियुक्त करेंगे जिसमें एक एंडोक्रिनोलॉजिस्ट और एक मधुमेह विशेषज्ञ शामिल होंगे।
कम ‘डोज’ वाली इंसुलिन की दो यूनिट दी गई
अरविंद केजरीवाल के रक्त में शर्करा की मात्रा बढ़ने के बाद उन्हें इंसुलिन दी गई। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तिहाड़ के एक अधिकारी ने कहा, ‘अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की सलाह पर केजरीवाल को सोमवार शाम को कम ‘डोज’ वाली इंसुलिन की दो यूनिट दी गईं।
21 मार्च को हुए थे केजरीवाल गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि सीएम केजरीवाल को 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया था। अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 7 बजे उनके रक्त में शर्करा की मात्रा 217 पाई गई, जिसके बाद तिहाड़ में उनकी देखभाल कर रहे चिकित्सकों ने उन्हें इंसुलिन देने का फैसला किया। ज्ञात हो तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ईडी और सीबीआई द्वारा दर्ज दोनों मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई ने तेलंगाना एमएलसी को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां उन्हें कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के बाद रखा गया था।




















Discussion about this post