आम नागरिकों के सुझावों के लिए वेबसाइट लॉन्च
सभी वर्गों से संवाद और सहमति के साथ लागू होगी यूसीसी
जिलों में विभिन्न समुदायों से लिये जाएंगे सुझाव
पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में बनी उच्च स्तरीय समिति
डिजिटल डेस्क न्यूज/ भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) UCC लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अलग-अलग धर्मों में विवाह और पारिवारिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न नियमों के बजाय समान व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी दिशा में राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में अभी तीन राज्यों में यूसीसी लागू की जा चुकी है और अब मध्यप्रदेश सरकार ने भी इसे लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश इस व्यवस्था को लागू करने के लिए उपयुक्त स्थिति में है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यूसीसी के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। इस समिति में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और विद्वानों को शामिल किया गया है, जो इस विषय पर अध्ययन और सुझावों का संकलन करेंगे। सरकार द्वारा गठित समिति प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोगों से सुझाव प्राप्त करेगी। इसके माध्यम से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सभी वर्गों के साथ संवाद और समन्वय स्थापित करते हुए यूसीसी लागू करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के हित और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यूसीसी को लेकर आम नागरिकों से सुझाव लेने के लिए राज्य सरकार ने एक वेबसाइट भी लॉन्च की है, जहां नागरिक अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं।




















Discussion about this post