मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है।
भोपाल के शासकीय जयप्रकाश चिकित्सालय में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
—————————————————————————–
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के शासकीय जयप्रकाश चिकित्सालय में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के सम्मान में मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 290 से अधिक स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें अब तक 6,744 यूनिट रक्तदान हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम तक यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से गंभीर स्थिति में मरीजों को जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सकती है और कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।




















Discussion about this post