– भोपाल से मुंबई-दिल्ली कॉरिडोर से होकर सिर्फ 6 घंटे में पहुंच जाएंगे महानगर
विशेष प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आज भी झीलों का शहर है। भोपाल झील पर रोप-वे और केबल कार के मध्य प्रदेश सरकार के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह विचार मंगलवार को लाल परेड मैदान में आयोजित सडक़ परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में व्यक्त किए। केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से 499 किमी. लंबाई की 15 राष्ट्रीय राजमार्ग सडक़ परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी लागत 8038 करोड़ रुपए है। समारोह को मुख्यमंत्री डॉ. यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।
समारोह में केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मुम्बई-दिल्ली कॉरिडोर पूरा होने पर मध्य प्रदेश के भोपाल शहर से नागरिक 5-6 घंटे में दोनों महानगरों तक आना-जाना कर सकेंगे। ग्रीन फील्ड हाईवे के अंतर्गत ग्वालियर, आगरा और ग्वालियर-दिल्ली की यात्रा कम समय में पूरी की जा सकेगी। साथ ही भोपाल से कानपुर की यात्रा भी नया कॉरिडोर बनने से 7-8 घंटे में पूरी हो जाएगी, जिसमें अभी 15 घंटे लगते हैं। सागर से कानपुर की दूरी भी 21 किमी. कम हो जाएगी। भोपाल-सागर फोर लेन सडक़ 170 किमी. लम्बा है, जो एक वर्ष में 4 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो जाएगा। केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मध्य प्रदेश में राजमार्गों के विकास के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि: डॉ.यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपए के सडक़ निर्माण कार्यों की शुरूआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज जबलपुर में 9 और भोपाल में 15 सडक़ परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है। मध्य प्रदेश सडक़ निर्माण के नए कार्यों के साथ ही आवागमन के हवाई साधनों और केबल कार, रोप-वे जैसे साधनों के प्रयोग में भी आगे बढ़ रहा है। भोपाल की बड़ी झील से केबल कार और रोप-वे के संचालन पर विचार हो रहा है।
गुणवत्ता से समझौता नहीं: राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में आवागमन सुगम हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग लोक कल्याण के उद्देश्य से कार्य करते हुए गुणवत्ता से समझौता नहीं करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित किया
सांसद विष्णुदत्त शर्मा कार्यक्रम को मंच से और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने वर्चुअली संबोधित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया
शिलान्यास समारोह के पहले केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सडक़ों के निर्माण, ऑनलाइन और परिवहन साधनों के विस्तार पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी को राम दरबार भी भेंट किया गया।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्य मंत्री नारायण सिंह पवार, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, राज्य मंत्री लखन पटेल, राज्य मंत्री लखन पटेल, सांसद रमाकांत भार्गव,भोपाल की महापौर मालती राय और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


















Discussion about this post