– केन्द्रीय मंत्री गडकरी को ज्ञापन देकर उत्तर मध्य विधायक ने रखी बात
हेमंत नामदेव/भोपाल। राजधानी की सडक़ों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पुराने भोपाल के शाहजहांनाबाद और भोपाल टॉकीज क्षेत्र की सडक़ों से दिन-रात हजारों वाहन निकलते हैं। इस दौरान सडक़ पर जाम लगना या दुर्घटना होना अब आम हो गया है। यहां दो फ्लाईओवर बन जाएं, तो यातायात बेहतर होगा और लोगों की बड़ी समस्या भी हल हो जाएगी। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक आतिफ आरिफ अकील ने यह बात मंगलवार को केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट के दौरान कही।विधायक आरिफ अकील ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि मध्य प्रदेश की तत्कालीन कमल नाथ सरकार ने भी इस जनसमस्या को गंभीरता से लेकर एक फ्लाईओवर यहां काली मंदिर से शाहजहांनाबाद पुलिस थाना तक और दूसरा भोपाल टॉकीज से डीआईजी बंगला तक बनाना प्रस्तावित किया था। तब यह दोनों फ्लाईओवर 220 करोड़ की लागत से बनाए जाना थे। वर्तमान सरकार भी यह दो फ्लाईओवर बनाकर जनता को बड़ी राहत प्रदान कर सकती है।
फोरलेन फ्लाईओवर बनाएं
विधायक अकील ने बताया कि उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र में बनाए जाने वाले फ्लाईओवर की लंबाई एक-एक किमी. व चौड़ाई 60 फीट से अधिक हो, तभी यह उपयोगी साबित होंगे। विधायक ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने यह फ्लाईओवर बनाने का आश्वासन दिया है।
यह लाभ होगा
. मुख्य सडक़ों पर सुचारू यातायात होगा।
. आपातकालीन एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व पुलिस वाहनों की सुलभ आवाजाही होगी।
. पुराने भोपाल का व्यापार बढऩे के साथ ही औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा।


















Discussion about this post