भोपाल। शाहपुरा इलाके में सोमवार की रात एक फ्लैट में शराब पीकर हंगामा कर रहे तीन युवकों को समझाने पहुंचे बारूद कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में कारोबारी की गर्दन पर चाकू लगा है, जो अपने रिश्तेदार के यहां आया था। घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
शाहपुरा पुलिस ने बताया कि पन्ना निवासी 27 वर्षीय प्रणव राज मिश्रा बारूद कारोबारी हैं। वह रविवार को अपनी मां की दवाइयां लेने के लिए भोपाल आया था। प्रणव राज शाहपुरा बी-सेक्टर स्थित अपने ताऊ के बेटे आदित्य के अमन अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में रूका था। सोमवार की रात करीब दो बजे बाजू वाले फ्लैट से झगड़े की आवाज आने पर आदित्य और प्रणव उन्हें समझाने पहुंचे थे। तभी पड़ोसी जीशान नाम के युवक ने अपने दो साथी शीर्ष और मयूर के साथ मिलकर प्रणव राज से मारपीट कर उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। इससे प्रणव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर आरोपी जीशान, शीर्ष और मयूर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।



















Discussion about this post