- – केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने किया 499 किमी. लम्बाई की 15 सड़क योजनाओं का शिलान्यास
- – उज्जैन में रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक रोप-वे के लिए निविदा शीघ्र
भोपाल। मध्यप्रदेश में सडक़ नेटवर्क बेहतर बनाने नए कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। इस वर्ष के अंत तक अनेक कार्य पूर्ण होंगे। मध्य प्रदेश में सडक़ों के निर्माण से निवेश आएगा, निर्यात बढ़ेगा और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को यह विचार लाल परेड मैदान में आयोजित सडक़ परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में व्यक्त किए। केन्द्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से 499 किमी. लंबाई की 15 राष्ट्रीय राजमार्ग सडक़ परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी लागत 8038 करोड़ रुपए है।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश में सडक़ परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश को इंडस्ट्रियल और एग्रीकल्चर हब बनाने में मदद मिलेगी। मालवा का आटा अनेक देशों में पसंद किया जाता है, जिसके निर्यात में नई सडक़ संरचनाएं उपयोगी साबित होंगी। उज्जैन में रेलवे स्टेशन से बाबा महाकाल मंदिर तक 171 करोड़ रुपए की लागत से रोप-वे प्रकल्प बनेगा, जिसकी निविदा अगले माह होगी। महत्वपूर्ण कार्यों में उज्जैन से गरोठ 136 किमी. लंबी फोर लेन शामिल है। मध्य प्रदेश के 27 सडक़ निर्माण प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दी जा रही है।


















Discussion about this post