– भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद, संयुक्त टीम की सर्चिंग जारी
भोपाल। बालाघाट जिले के गढ़ी थानांतर्गत चकरवाहा जंगल क्षेत्र में मध्यप्रदेश पुलिस की हॉकफोर्स की टीम की गुरुवार को नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। जंगल क्षेत्र में हॉकफोर्स के सामने नक्सली ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और मौके पर अपनी सामग्री छोडक़र घने जंगल में भाग गए।
पुलिस मुख्यालय भोपाल ने बताया है कि बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र चकरवाहा के जंगल में सर्चिंग व कार्रवाई लगातार जारी है। यहां कोबरा 207 और हॉकफोर्स की संयुक्त टीम नक्सलियों की सर्चिंग कर रही है। मध्य प्रदेश में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान मप्र पुलिस की हॉकफोर्स को एक और बड़ी सफलता मिली है। बालाघाट जिले के चकरवाहा जंगल क्षेत्र में कोबरा 207 और हॉकफोर्स की संयुक्त टीम की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। कोबरा 207 और हॉकफोर्स ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे डरे नक्सली घने जंगल में भाग गए। इस मुठभेड़ में कोबरा 207 और हॉकफोर्स का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ।पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने कुकर बम बनाया, जिसे जब्त किया गया। साथ ही सर्चिंग टीम ने यहां से नक्सली टेंट, बैटरी, वायर, दवाइयां, कुल्हाड़ी, खाना बनाने के बर्तन, तिरपाल सहित भारी मात्रा में नक्सलियों के दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की है।
यह रहा घटनाक्रम
कोबरा 207 और हॉकफोर्स को बालाघाट के गढ़ी थानांतर्गत चकरवाहा जंगल क्षेत्र में 15-20 माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली। नक्सल विरोधी अभियान के अंतर्गत कोबरा 207 और हॉकफोर्स की संयुक्त सर्चिंग टीम जंगल में माओवादियों की तलाश में निकली। गुरुवार, 8 फरवरी को सुबह करीब 9 बजे चकरवाहा जंगल क्षेत्र में सर्चिग एवं एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई के दौरान माओवादियों ने सर्चिग पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस सर्चिग पार्टी की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई से डरकर माओवादी घने जंगल में भाग गए। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों के द्वारा गहन सर्चिग की जा रही है।




















Discussion about this post