– प्रदेश के कई जिलों के कलेक्टर भी बदले जाएंगे
– मंत्रालय की प्रशासनिक सर्जरी का तीसरा चरण जल्द पूरा करेगी डॉ. मोहन सरकार
भोपाल। प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार अब मंत्रालय की प्रशासनिक सर्जरी का तीसरा चरण लोकसभा चुनाव-2024 के पहले पूरा कर सकती है। वैसे, प्रशासनिक सर्जरी का यह तीसरा और अंतिम चरण बड़ा विस्फोटक होने की संभावना जताई जा रही है। मंत्रालय के गलियारे में चर्चा है कि डॉ. यादव सरकार ने प्रदेश की प्रमुख सचिव आईएएस वीरा राणा और पुलिस महानिदेशक आईपीएस सुधीर कुमार सक्सेना को बदलना और इनके स्थान पर नए अधिकारियों को तैनात करना तय कर लिया है। इसके साथ ही चुनाव के पहले प्रदेश के कुछ जिलों के कमिश्नर, कलेक्टर और आईजी, डीआईजी, एसपी को यहां से वहां किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अफसरों की स्थानांतरण सूची को अंतिम रूप दिए जाने से पहले प्रदेश के मुखिया भाजपा संगठन के प्रमुख सदस्यों से चर्चा करेंगे। जबकि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गुरुवार को दिल्ली जाना और शुक्रवार को लौटकर आना होगा। उनके दिल्ली प्रवास को इस भारी भरकम स्थानांतरण सूची से जोडक़र अब चर्चाओं का दौर चल रहा है।
सूत्र बताते है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रशासनिक मुखिया मुख्य सचिव वीरा राणा और अपने प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह से सलाह-मशविरा करने के बाद लगभग 7 संभागीय आयुक्त क्रमश: सागर, चंबल, जबलपुर, शहडोल, होशंगाबाद, ग्वालियर, इंदौर व लगभग दो दर्जन कलेक्टरों को बदलने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे सकते हैं। बैठक में जितने जिलों के कलेक्टरों को बदलने पर चर्चाएं हो चुकी हैं उनमें दमोह, सागर, रीवा, रतलाम, मंदसौर, खरगोन, खंडवा, मुरैना, अशोकनगर, आगर मालवा, नीमच, देवास, बुरहानपुर, सीधी, सतना, शहडोल, उमरिया, झाबुआ, धार, सीहोर, विदिशा, अलीराजपुर आदि शामिल हैं। तो लगभग इन्हीं जिलों के पुलिस अधीक्षकों का स्थानांतरण होना तय बताया गया है। इसमें इंदौर, उज्जैन संभाग के 3 पुलिस अधीक्षकों पर बिजली गिरेगी, क्योंकि उनके जिले में कई दिनों से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। इन पुलिस अधीक्षकों को पूर्व में शराब का अवैध कारोबार बंद कराने के संकेत दिए गए, लेकिन उन्होंने अपनी कार्यशैली नहीं बदली। संबंधित क्षेत्र के मंत्री और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसकी कई बार शिकायतें की हैं। इसी तरह से पेंडिंग पड़ी 6 आईजी, 16 डीआईजी की पोस्टिंग भी कभी भी हो सकती है।




















Discussion about this post