डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मालवीय नगर के हौजरानी स्थित एक रेस्तरां में बुधवार सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में रेस्तरां के बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर विदेशी हैं। मलबे के बीच कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
अग्निशमन विभाग को सुबह 8:50 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (DO) रविंदर की देखरेख में दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, पूरा गेस्ट हाउस शीशे से पैक है। आग लगने पर धुंआ इतनी तेजी से फैलना शुरू हुआ कि लोग निकल नहीं पाए। लोगों को शीशा तोड़कर निकाला गया तब तक अधिकतर झुलस चुके थे। तीन महीने पहले हुए पालम अग्निकांड जिसमें 9 लोगों की जान गई थी उसमें भी घर शीशे से ही पैक था जिसके चलते आग तेजी से फैली थी और लोग निकल नहीं पा रहे थे।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।



















Discussion about this post