केंद्रीय संगठन ने आरएसएस प्रचारक रहे चंद्रशेखर को यह जिम्मेदारी सौंपी।
अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ मिलकर पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण कमान संभालेंगे।
यह पद जनवरी 2026 में हितानंद शर्मा की संघ में वापसी के बाद से खाली चल रहा था।
——————————————————————————————————
डिजिटल डेस्क न्यूज़/भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा को करीब 8 महीने बाद नया संगठन महामंत्री मिल गया है। केंद्रीय संगठन ने आरएसएस प्रचारक रहे चंद्रशेखर को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जिनका केंद्र भोपाल रहेगा। यह पद जनवरी 2026 में हितानंद शर्मा की संघ में वापसी के बाद से खाली चल रहा था।
भाजपा के केंद्रीय संगठन की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची के मुताबिक, आरएसएस पृष्ठभूमि के प्रचारक चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। आदेश के अनुसार उनका नया कार्यक्षेत्र भोपाल रहेगा। वे अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ मिलकर पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण कमान संभालेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही जनवरी से खाली चल रहे इस अहम पद पर करीब 236 दिनों बाद पूर्णकालिक नियुक्ति हो गई है। इस बीच क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में संगठन का कामकाज संभाल रहे थे।
जानिए, कौन हैं चंद्रशेखर..?
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा के रहने वाले चंद्रशेखर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित प्रचारक रहे हैं।
वे इससे पहले संघ में काशी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। साल 2014 के आम चुनावों के दौरान उन्होंने वाराणसी लोकसभा सीट पर भी संगठनात्मक कार्य में अहम भूमिका निभाई थी।
सितंबर 2017 में उन्हें राजस्थान भाजपा का संगठन महामंत्री बनाया गया था, जहां उन्होंने करीब छह साल तक काम किया। साल 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद उन्होंने कार्यमुक्त होने की इच्छा जताई थी।
इसके बाद जनवरी 2024 में उन्हें तेलंगाना का संगठन महामंत्री बनाया गया, जहां उन्होंने 2026 तक सांगठनिक जिम्मेदारी संभाली। कुछ रिपोर्ट्स में उनका पूरा नाम चंद्रशेखर तिवारी भी दर्ज है।




















Discussion about this post