शहर की खराब सड़कों और विकास कार्यों की स्थिति से आहत होकर उसने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताने का फैसला किया।
डिजिटल डेस्क न्यूज़/रीवा। कॉलेज चौराहे पर सड़क की बदहाली के खिलाफ एक युवक ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। बारिश के बीच युवक सड़क पर धरने पर बैठ गया और हाथ में किताब लेकर वहीं पढ़ाई करता रहा। युवक ने हाथ में ‘नेशनलिज्म’ नाम की किताब ले रखी थी। उसका कहना था कि शहर की खराब सड़कों और विकास कार्यों की स्थिति से आहत होकर उसने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताने का फैसला किया।
बारिश के बाद सड़क पर भरा पानी और कीचड़
कॉलेज चौराहे के पास सड़क की स्थिति काफी समय से खराब बताई जा रही है। बारिश के बाद सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी भरने से वाहन चालकों की परेशानी भी बढ़ गई है। इसी दौरान सड़क की खराब स्थिति के चलते एक ऑटो के पलटने की बात भी सामने आई।
युवक की पहचान अंकित के रूप में हुई
धरने पर बैठे युवक की पहचान अंकित के रूप में हुई है। अंकित के मुताबिक, वह लंबे समय तक शहर से बाहर रहकर पढ़ाई करता रहा है और मास्टर्स की डिग्री हासिल कर चुका है। उसका कहना है कि रीवा लौटने के बाद शहर की सड़कों और व्यवस्थाओं की स्थिति देखकर उसे काफी बुरा लगा। इसी नाराजगी को लेकर उसने सड़क पर बैठकर विरोध जताने का फैसला किया।




















Discussion about this post