- तलैया थाना पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ की कार्रवाई
- गैस रिफलिंग के उपकरण भी किए गए जब्त
विशेष प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में गैस कंपनी के अलावा कुछ दुकानों से अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। आबादी क्षेत्र की दुकान में गैस रिफलिंग के उपकरण की मदद से एक सिलेंडर से दूसरे में खतरनाक गैस भरी और बेची जा रही है। मुखबिर की सूचना पर तलैया थाना पुलिस ने शुक्रवार को हाथीखाना गिन्नौरी की एक दुकान में दबिश दी। पुलिस ने उक्त दुकान से 15 गैस सिलेंडर और गैस रिफलिंग के उपकरण जब्त किए हैं।
तलैया थाना प्रभारी निरीक्षक चतुर्भुज राठौर ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि हाथीखाना गिन्नौरी के अब्दुल्ला फ्लेम सेंटर से घरेलू गैस सिलेंडरों और छोटे सिलेंडरों को अवैध रुप से बेचा जा रहा है। दुकान संचालक मोहम्मद राशिद (50) निवासी रफीकिया स्कूल के पास, कोतवाली के द्वारा अवैध कार्य किया जा रहा है। मोहम्मद राशिद की दुकान में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण भी किया जा रहा है। जबकि आबादी क्षेत्र में स्थित इस दुकान में खतरनाक गैस को एक सिलेंडर से दूसरे में भरने के दौरान आग लगने व गंभीर हादसे का खतरा बना रहता है।
300 रुपए अधिक लेकर बेच देता था
पुलिस के अनुसार अब्दुल्ला फ्लेम सेंटर का संचालक मोहम्मद राशिद कम समय में ज्यादा रुपए कमाने के लालच में यह अवैध कारोबार कर रहा था। इसलिए वह गैस कंपनी के कर्मचारियों से घरेलू गैस सिलेंडर खरीदता और उन्हें जरूरतमंदों के लिए एक सिलेंडर 100-300 रुपए अधिक लेकर बेच देता रहा।
एक सिलेंडर की गैस दूसरे में भरी
गिन्नौरी तलैया स्थित अब्दुल्ला फ्लेम सेंटर में घरेलू गैस सिलेंडरों और छोटे सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रखा जा रहा था। दुकान का संचालक राशिद गैस रिफलिंग के उपकरण लगाकर एक सिलेंडर से दूसरे में खतरनाक तरीके से गैस भरकर अवैध लाभ कमाता रहा।
यह किया गया जब्त
तलैया थाना पुलिस ने अब्दुल्ला फ्लेम सेंटर से 13 बड़े रसोई गैस सिलेंडर और 2 छोटे सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके साथ ही गैस रिफलिंग के उपकरण के उपकरण जब्त कर दुकान संचालक मोहम्मद राशिद के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और भादंवि की धारा 285 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।




















Discussion about this post