– हॉकफोर्स के निरीक्षक व प्रधान आरक्षक होंगे सम्मानित
हेमंत नामदेव/भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस 2024 के अवसर पर मध्य प्रदेश के 3 पुलिस अधिकारियों को वीरता पदक प्रदान करने की घोषणा की गई है। हॉकफोर्स के निरीक्षक अंशुमान सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अतुल कुमार शुक्ला एवं प्रधान आरक्षक मनोज कुमार कापसे को यह वीरता पदक दिया गया है।
सूपखार के जंगल में हुई थी मुठभेड़
अति नक्सल प्रभावित जिला बालाघाट के गढ़ी थानांतर्गत सूपखार वन रेंज में पुलिस बल को हताहत करने और वनकर्मियों व पुलिस मुखबिरों की हत्या के प्रयास में घूम रहे नक्सलियों की आसूचना मिलने पर 30 नवंबर 2022 की रात्रि में नक्सल विरोधी अभियान की योजना बनाई गई। निरीक्षक अंशुमान सिंह चौहान के नेतृत्व में 24 सदस्यीय पार्टी रात्रि में ही रवाना हुई। सर्चिंग के दौरान पुलिस पार्टी जामसेहरा वन नाका के नजदीक जंगल में पहुंची तो पहले से ही घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। पुलिस पार्टी ने डटकर मुकाबला कर प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन के एमएमसी जोन की केबी डिविजन के जोन समन्वय टीम प्रभारी 29 लाख के इनामी डीवीसीएम गणेश और केबी डिविजन के भोरमदेव एरिया कमेटी के कमांडर 20 लाख के इनामी नक्सली राजेश उर्फ नंदा वंजाम को धराशायी कर दिया। मुठभेड़ में निरीक्षक अंशुमान सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अतुल कुमार शुक्ला एवं प्रधान आरक्षक मनोज कुमार कापसे ने अदम्य साहस का प्रदर्शन कर उल्लेखनीय योगदान दिया। बता दें कि निरीक्षक अंशुमान एवं प्रधान आरक्षक अतुल को पूर्व में भी यह पुरस्कार मिल चुका है।
डीजीपी सक्सेना ने दी बधाई
डीजीपी सुधीर सक्सेना ने वीरता पदक प्राप्तकर्ता पुलिस अधिकारियों को फोन पर बधाई देते हुए कहा कि आपका अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा व देश भक्ति-जनसेवा का जज्बा विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करने प्रेरित करेगा।
5 वर्ष में 17 नक्सली ढेर
मध्य प्रदेश में पिछले 5 वर्षों में ही राज्य द्वारा आक्रामक रणनीति के तहत अभियानों के दौरान 17 हार्डकोर नक्सलियों को धराशायी और 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 8 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र सरकार द्वारा संयुक्त रूप से 2.68 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। अगस्त 2023 में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य फरार नक्सली अशोक रेड्डी को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। आसूचना आधारित अभियानों द्वारा टांडा दलम के 4 तथा दर्रेकसा दलम के 2 नक्सलियों को धराशायी कर ट्राइ जंक्शन क्षेत्र में नक्सलियों की कमर तोड़ दी गई। मध्य प्रदेश पुलिस के लगातार प्रयासों और अभियानों से नक्सली बैकफुट पर हैं।



















Discussion about this post