न्यूज डेस्क/नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया के धुरंधर ऑलराउंडर यूसुफ पठान अब सियासी पिच पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। यूसुफ पठान पश्चिम बंगाल के बहरामपुर सीट से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी सहित तमाम प्रत्याशियों को टक्कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि क्रिकेट की दुनिया में जबरदस्त ऑलराउंडर के रूप में प्रसिद्धि पाने वाले यूसुफ पठान जहां बड़े-बड़े लंबे-लंबे छक्के मारने के लिए पहचाने जाते रहे हैं, वे अब सियासी पिच पर अपना जौहर दिखाने 2024 लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल से ताल ठोक रहे हैं। युसूफ पठान तेज गेंदबाज इरफान पठान के भाई हैं। दोनों ही भाइयों का क्रिकेट की दुनिया में एक अलग मुकाम स्थापित है। रविवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन्हें पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। वैसे तो क्रिकेट की दुनिया से कई खिलाड़ियों ने लोकसभा चुनाव लड़कर सियासत की गलियारे में अपने कदम जमाए हैं। यह कोई पहली बार नहीं हुआ है, लेकिन यूसुफ पठान के इस बार चुनाव मैदान में उतरने से एक बार फिर से क्रिकेट और सियासी पिच का गठजोड़ सामने आया है, जो पश्चिम बंगाल में यूसुफ पठान के रूप में देखने मिलेगा। अब यह देखना होगा कि 2024 लोकसभा चुनाव में टीएमसी की ओर से ताल ठोक रहे यूसुफ पठान राजनीति की पिच पर कितनी शानदार बल्लेबाजी कर पाते हैं और क्या गुल खिलते हैं? टीएमसी नेता ममता बैनर्जी की उम्मीद पर क्रिकेटर यूसुफ पठान कितने खरे उतर पाते हैं यह भी देखना बड़ा दिलचस्प होगा। फिलहाल सियासत के गलियारों से लेकर क्रिकेट की दुनिया तक हर जगह यूसुफ पठान को लेकर चर्चाएं तेज हैं।




















Discussion about this post