- जहांगीराबाद थानाक्षेत्र जेजे शादी हॉल के पास वारदात
- पहले हुआ विवाद, फिर युवक के गले पर चलाया चाकू हाथ में लगा
विशेष प्रतिनिधि, भोपाल। शहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र जेजे शादी हॉल के पास एक युवक पर एक नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के दौरान युवक ने गले पर हुए हमले से बचने का प्रयास किया, तो उसके बाएं हाथ में चाकू लगा। घायल युवक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार अशोका गार्डन मयूर विहार कॉलोनी निवासी जुनेद खान कालेज छात्र है। गुरुवार की शाम करीब 4 बजे उसे छोटे भाई साद (18) ने कॉल की और बताया कि वह अभी जेके शादी हॉल के पास खड़ा है। उसको चर्च रोड जहांगीराबाद निवासी साहिद (बदला नाम) जान से मारने कह रहा है। यह पता चलते ही जुनेद जेजे शादी हॉल के पास पहुंचा और भाई से बातचीत करने लगा। इसी बीच साहिद अपने दोस्तों के साथ आया और गालियां देते हुए चाकू से साद की गर्दन पर हमला कर दिया। तब साद ने चाकू का वार हाथ से रोकने का प्रयास किया। इस कोशिश में उसके बाएं हाथ की कलाई में चाकू लगा। हमला करने के बाद आरोपी धमकाते हुए वहां से भाग निकला। घटनास्थल से घायल साद को इलाज के लिए अस्पताल ले गए और थाने आकर शिकायत दर्ज कराई।
जहांगीराबाद पुलिस को पूछताछ में पता चला कि लाल परेड मैदान पर क्रिकेट खेलने को लेकर साद और नाबालिग का विवाद हुआ था। इसके चलते उसने हमला किया है।




















Discussion about this post