– पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखा पत्र
हेमंत नामदेव/भोपाल। मध्य प्रदेश में कुत्तों के द्वारा लोगों को काटने या बच्चों को जिन्दा खा जाने के प्रकरण सामने आ रहे हैं। राजधानी भोपाल में जिन दो बच्चों को कुत्तों ने खा लिया है, वह मजदूर एवं अत्यधिक साधनहीन परिवार हैं। गरीबों के जिन्दा बच्चों को कुत्ते खा जाएं, इस तरह की घटनाएं देश और समाज की व्यवस्था के लिए कलंक है। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री व प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने इस आशय आशय का पत्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा है।
खासकर भोपाल में हुई कुत्ते के काटने की घटनाओं से क्षुब्ध पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि भोपाल में कुत्तों के द्वारा लोगों को काटने या बच्चों को खा जाने के प्रकरण आपकी जानकारी में होंगे। भोपाल में मजदूर एवं अत्यधिक साधनहीन परिवार से बात करते समय यह तथ्य भी सामने आया है कि निर्माण कार्यों में लगी कंपनियां अपने यहां काम करने वाले मजदूरों के बच्चों व स्त्रियों के संबंध में सरकार की बनाई श्रमिक नीति का पालन नहीं करतीं हैं। जिस प्रकार से निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूर दंपति के 7 माह के बच्चे को कुत्ते खींचकर ले गए और उसे खा लिया, वह एक आपराधिक लापरवाही कंपनी की भी है। यह क्रिमिनल नेगलैजेंसी का केस है। यह घटना पूरे देश व समाज की व्यवस्था के लिए कलंक है।पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि हम, आप सब पशु-पक्षी व प्रकृति प्रेमी हैं। इस वजह से इस समस्या का एक व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए। इस समाधान में अड़चन बनने और नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर तुरंत कार्यवाही करके नियमानुसार कठोरतम दंड दिया जाए।



















Discussion about this post