1 सितंबर से लागू होने वाले नए नियम के अनुसार, विदेश यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को अब अपने स्मार्टफोन पर केवल ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा।
डिजिटल डेस्क/न्यूज़। देश के बाहर जाने वाले हवाई यात्रियों को सरकार ने एक बहुत बड़ी राहत दी है। अब विदेशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास पर स्टैम्प (मुहर) लगवाने के झंझट से पूरी तरह मुक्ति मिलने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले आव्रजन ब्यूरो (ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन-बीओआई) Bureau of Immigration (BoI) ने फैसला किया है कि आगामी 1 सितंबर से देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने (फिजिकल स्टैम्पिंग) की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया जाएगा। इस ऐतिहासिक कदम से न केवल एयरपोर्ट पर यात्रियों का कीमती समय बचेगा, बल्कि आव्रजन (इमिग्रेशन) प्रक्रिया भी पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगी।
असुविधाजनक प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया
आव्रजन ब्यूरो (बीओआई) ने हवाई अड्डा प्राधिकरणों को भेजे अपने आधिकारिक निर्देश में स्पष्ट किया है कि इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की यह प्रक्रिया यात्रियों के लिए बड़ी असुविधा का कारण बन रही थी। इसके अलावा, कई बार मुहर ठीक से न लगने (गलत या अधूरी स्टैम्पिंग) की वजह से बोर्डिंग पास को सिस्टम द्वारा री-स्कैन करने में तकनीकी त्रुटियां और गलतियां भी सामने आ रही थीं। इन व्यावहारिक समस्याओं और समय की बर्बादी को देखते हुए गृह मंत्रालय ने इस पारंपरिक और असुविधाजनक प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया है।
अब अपने स्मार्टफोन पर केवल ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा
1 सितंबर से लागू होने वाले नए नियम के अनुसार, विदेश यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को अब अपने स्मार्टफोन पर केवल ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा। इमिग्रेशन क्लियरेंस काउंटर पर तैनात अधिकारी आपके डिजिटल बोर्डिंग पास को सीधे स्कैन कर इमिग्रेशन मंजूरी दे देंगे। इसके साथ ही, जिन यात्रियों के पास प्रिंटेड या कागज वाले बोर्डिंग पास मौजूद होंगे, वे भी स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि, अधिकारियों द्वारा उन फिजिकल बोर्डिंग पासों पर भी कोई स्टैम्प नहीं लगाया जाएगा।



















Discussion about this post