कलेक्टर के निर्देशों का पालन नहीं करने पर महिला पटवारी निलंबित
– टीटी नगर वृत्त के 16 नामांतरण प्रकरणों में समय सीमा का नहीं किया अमल
भोपाल। कलेक्टर के निर्देशों का पालन नहीं करना पाकर बुधवार को टीटी नगर वृत्त की महिला पटवारी अनुराधा पटेल को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एडीएम उत्तर हरेन्द्र नारायण ने आवेदक वीरेन्द्र मेवाड़ा निवासी बरखेड़ी की शिकायत की जांच के उपरांत की है। निलंबन अवधि में महिला पटवारी का कर्तव्य स्थल तहसील कार्यालय हुजूर जिला भोपाल रहेगा।
टीटी नगर के अपर तहसीलदार ने नोट शीट में लेख किया है कि राजस्व महा अभियान जैसे शासन की महत्वाकांक्षी योजना, आदेश के उपरांत नामांतरण, बटवारा, नक्शा तरमीम, अभिलेख अद्यतन आदि कार्यों को प्राथमिकता से करने के लिए कलेक्टर ने निर्देशित किया है। इस संबंध में अपर कलेक्टर ने गत 21 जनवरी को राजस्व अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों, हल्का पटवारियों व प्रवाचकों की मीटिंग लेकर अभिलेख अमल के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया। इसके बाद भी हल्का पटवारी अनुराधा पटेल द्वारा संज्ञान नहीं लेकर लापरवाही की गई है।
नामांतरण प्रकरण में आदेश पारित
बताया है कि आवेदक वीरेन्द्र मेवाडा ने अपर कलेक्टर के सामने उपस्थित होकर शिकायत की थी कि विगत 30 नवंबर 2023 को नामांतरण प्रकरण में पारित आदेश का ग्राम बरखेडी कलां की हल्का पटवारी अनुराधा पटेल द्वारा राजस्व अभिलेख में अमल नहीं किया जा रहा है। मुझे एक माह से परेशान किया जा रहा है।
आदेशों की अवहेलना की
उक्त शिकायत जांच में सही पाई गई। साथ ही हल्का पटवारी अनुराधा पटेल के प्रभार क्षेत्रांतर्गत 15 नामांतरण प्रकरण ऐसे पाए गए, जिनका हल्का पटवारी द्वारा समय-सीमा में राजस्व अभिलेख में अमल नहीं किया गया। इस प्रकार हल्का पटवारी द्वारा गंभीर लापरवाही बरतकर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की गई।
तहसीलदार के प्रतिवेदन पर कार्रवाई
शासकीय कार्य मे लापरवाही बरतने के कारण अपर तहसीलदार टीटी नगर द्वारा अनुराधा पटेल के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए प्रतिवेदित किया। इस आधार पर हल्का पटवारी बरखेड़ी कलां एवं आमखेड़ा अनुराधा पटेल को शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही एवं पदीय दायित्वों का रूचि पूर्वक निर्वहन न करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।


















Discussion about this post