पंजाबी हिंदू एसोसिएशन ने किया गौरीघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में कार्यक्रम का आयोजन
जबलपुर। गौरीघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का भव्य दहन किया गया। इस दौरान कुंभकरण के पुतले को भी आग के हवाले किया गया। रावण दहन के साथ हुई शानदार आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम का आयोजन पंजाबी हिंदू एसोसिएशन द्वारा किया गया। संगठन पिछले 74 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन कर रहा है। विजयादशमी से एक दिन पहले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हर साल की तरह इस बार भी भव्यता देखने को मिली।
रावण दहन के इस आयोजन में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुतलों के दहन के दौरान परिसर में उत्सव का माहौल रहा और आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व के उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने शहरवासियों को एक बार फिर वर्षों पुरानी परंपरा से जोड़ा। पंजाबी हिंदू एसोसिएशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह रावण दहन कार्यक्रम जबलपुर के प्रमुख दशहरा आयोजनों में शामिल है।



















Discussion about this post