ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश करने और धरना देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
यह मामला चुनाव आयोग के खिलाफ बिना अनुमति मार्च निकालने और पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने से जुड़ा है।
डिजिटल डेस्क न्यूज़/नेशनल डेस्क।चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना अनुमति के दाखिल होने और वहां धरना देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर FIR दर्ज कर ली है। दरअसल, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को चुनाव आयोग तक मार्च निकाला था। लेकिन बैरिकेडिंग होने की वजह विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन में ही धरने पर बैठ गए थे।
दरअसल, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद से विपक्ष लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। INDIA गठबंधन में शामिल पार्टियों ने इसी मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग दफ्तर तक मार्च निकाला था। मंगलवार देर रात पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा को आकाशवाणी भवन से कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।
विपक्ष के अलावा स्टूडेंट संगठन और एक्टिविस्ट भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उधर, चुनाव आयोग ने मंगलवार को बताया कि किसी भी राजनीतिक पार्टी ने मंगलवार शाम 4 बजे तक मिलने के लिए अपॉइंटमेंट नहीं मांगा था। EC के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शाम करीब 4 बजे उन्हें जानकारी दी कि विपक्ष के सांसद उनसे मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते हैं।
अनधिकृत तरीके से घुसने को लेकर FIR
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसदों राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य सांसदों के खिलाफ मंगलवार को भारतीय चुनाव आयोग के विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति के प्रवेश करने के आरोप में FIR दर्ज की है। ANI ने यह जानकारी दी है।पुलिस ने बताया कि विपक्ष ने मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी थी और न ही दी गई थी।
राहुल गांधी ने हिरासत में लेने का वीडियो शेयर किया
राहुल गांधी ने पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लेने का वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा- लोकतंत्र के गद्दारों को बचाने के लिए बचे कुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है। हिसाब होगा- एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा।
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर 2.O का ऐलान किया
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने भी 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर फिर से प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। CJP के सौरव दास ने बताया कि वे बुधवार 7 अक्टूबर को पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन में जाकर 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगेंगे। उन्होंने कहा- संविधान ने हमें शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार दिया है।
दिल्ली कोर्ट ने 5 स्टूडेंट्स को रिहा करने का आदेश दिया
उधर, दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने मंगलवार को 5 स्टूडेंट्स प्रोटेस्टर और 8 अन्य को सिक्योरिटी बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया है। इन्हें सोमवार को कोर्ट से जमानत मिली थी। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान 17 लोगों को गिरफ्तार किया था।




















Discussion about this post